Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

दूध उत्पादन में भारत फिर बना अव्वल, BAHS 2025 रिपोर्ट जारी

दूध उत्पादन में भारत फिर बना अव्वल

नई दिल्ली: दूध उत्पादन में भारत फिर बना अव्वल। जी हाँ, केंद्र सरकार द्वारा जारी बेसिक एनिमल हसबैंड्री स्टैटिस्टिक्स (BAHS) 2025 के अनुसार, न केवल दूध उत्पादन में वृद्धि हुई है, बल्कि बढ़ती आबादी के बावजूद प्रति व्यक्ति दूध की उपलब्धता भी ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है। 2014-15 में जहां प्रति व्यक्ति प्रतिदिन दूध उपलब्धता 319 ग्राम थी, वहीं 2024-25 में यह बढ़कर 485 ग्राम हो गई, यानी 10 वर्षों में 166 ग्राम की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

उत्तर प्रदेश बना सबसे बड़ा दूध उत्पादक राज्य

रिपोर्ट के मुताबिक भारत के दूध उत्पादन में सबसे बड़ा योगदान उत्तर प्रदेश का है, जो 15.6% हिस्सेदारी के साथ देश में नंबर वन है। दूसरे स्थान पर राजस्थान (14.8%), तीसरे पर मध्य प्रदेश (9.1%), चौथे पर गुजरात (7.7%) और पांचवें पर महाराष्ट्र (6.7%) रहा। केवल इन पांच राज्यों ने ही भारत के कुल दूध उत्पादन में 54% से अधिक योगदान दिया। पिछले वर्ष की तुलना में विदेशी क्रॉसब्रीड गायों से दूध उत्पादन में 5% की वृद्धि हुई, जबकि देसी गायों का उत्पादन 3.5% और भैंसों के दूध उत्पादन में 2.4% की वृद्धि दर्ज की गई है।

अंडे की उपलब्धता में भी बड़ी छलांग, उत्पादन 149 अरब के पार

BAHS 2025 के अनुसार 2024-25 में कुल अंडा उत्पादन लगभग 4.5% बढ़कर 149 अरब होने का अनुमान है। वहीं प्रति व्यक्ति वार्षिक अंडा उपलब्धता भी 2014-15 के 62 से बढ़कर 106 हो गई है। अंडा उत्पादन में आंध्र प्रदेश 18.37% हिस्सेदारी के साथ पहले स्थान पर है। तमिलनाडु (15.63%), तेलंगाना (12.98%), पश्चिम बंगाल (10.72%) और कर्नाटक (6.67%) इसके बाद आते हैं। देश के कुल अंडा उत्पादन का 64.37% इन्हीं पांच राज्यों से आता है। इनमें से कमर्शियल पोल्ट्री सेक्टर का उत्पादन 84.49% (125.98 अरब अंडे) रहा, जबकि बैकयार्ड पोल्ट्री ने 23.13 अरब अंडे (15.51%) का योगदान दिया।

भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा मीट प्रोड्यूसर

रिपोर्ट बताती है कि 2024-25 के दौरान भारत ने 10.5 मिलियन टन मांस का उत्पादन किया, जो 2023-24 की तुलना में 2.5% ज्यादा है। पोल्ट्री सेक्टर यहां भी सबसे बड़ा योगदानकर्ता रहा, जिसने 5.1 मिलियन टन यानी कुल उत्पादन का लगभग आधा हिस्सा दिया। मीट उत्पादन में शीर्ष पांच राज्य पश्चिम बंगाल (12.4%), उत्तर प्रदेश (12.2%), महाराष्ट्र (11.5%), आंध्र प्रदेश (10.8%) और तेलंगाना (10.5%) ने मिलकर देश के कुल उत्पादन का 57% से अधिक हिस्सा दिया।

ऊन उत्पादन में भी बढ़ोतरी, राजस्थान नंबर वन

देश में 2024-25 के दौरान ऊन उत्पादन 34.5 मिलियन किलोग्राम होने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष से 2.6% अधिक है। इस क्षेत्र में राजस्थान सबसे आगे रहा और उसने 47.8% योगदान दिया। उसके बाद जम्मू-कश्मीर (23%), गुजरात (6.2%), महाराष्ट्र (4.7%) और हिमाचल प्रदेश (4.3%) का स्थान रहा। कुल मिलाकर इन पांच राज्यों ने भारत के ऊन उत्पादन में 86% योगदान दिया।

कुल मिलाकर बड़ी उपलब्धि

BAHS 2025 रिपोर्ट साफ तौर पर दिखाती है कि पिछले एक दशक में पशुपालन और डेयरी सेक्टर में भारत ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। चाहे दूध हो, अंडा, मीट या ऊन हर क्षेत्र में उत्पादन बढ़ा है और आत्मनिर्भरता मजबूत हुई है।

ये भी पढ़ें: खरीफ 2025-26 में रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान, जारी हुई पहली अग्रिम रिपोर्ट

Exit mobile version