पटना: फरवरी का महीना बागवानी से जुड़े किसानों के लिए खास होने जा रहा है। कृषि विभाग की ओर से राजधानी पटना में एक बार फिर तीन दिवसीय बागवानी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उद्यान निदेशालय द्वारा आयोजित यह महोत्सव 6 फरवरी से 8 फरवरी, 2026 तक गांधी मैदान में होगा। महोत्सव में कृषि वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों और राज्यभर से आए बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी रहेगी। इसका उद्देश्य बागवानी को बढ़ावा देना और किसानों की आमदनी बढ़ाने के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
फल, फूल और सब्जियों की भव्य प्रदर्शनी
बागवानी महोत्सव के दौरान किसानों को फल, फूल और सब्जियों की आधुनिक खेती से जुड़ी तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। राज्य के प्रगतिशील किसान अपनी उपज की प्रदर्शनी लगाएंगे, जहां एक ही परिसर में विभिन्न किस्मों की सब्जियां, फल और फूल देखने को मिलेंगे। बिहार में उगाए जा रहे उद्यानिकी उत्पादों की विविधता इस प्रदर्शनी की खास पहचान होगी।
किसानों को प्रदर्शनी के लिए आमंत्रण
उद्यान निदेशालय ने किसानों से अपील की है कि वे अपने द्वारा उगाए गए बागवानी उत्पादों को प्रदर्शनी में शामिल करें। महोत्सव से जुड़ी विस्तृत जानकारी horticulture.bihar.gov.in वेबसाइट पर उपलब्ध है। इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 1 फरवरी तक किया जाएगा। महोत्सव में प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क रहेगा। प्रदर्शनी 6 से 8 फरवरी तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेगी। वहीं प्रदर्शनी के लिए प्रविष्टियां 5 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ली जाएंगी।
प्रतियोगिताओं से बढ़ेगा आकर्षण
बागवानी महोत्सव को और रोचक बनाने के लिए कलात्मक पुष्प सज्जा, फल और सब्जियों की नक्काशी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों के लिए चित्रकला और क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई है। इसके अलावा विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से बागवानी उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री उचित मूल्य पर की जाएगी।
विजेताओं को मिलेगा नकद पुरस्कार
प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5000 रुपये, द्वितीय को 4000 रुपये और तृतीय को 3000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि एक किसान केवल एक ही प्रतियोगिता या शाखा में पंजीकरण कर सकेगा। यह महोत्सव न सिर्फ किसानों के लिए सीखने का मंच बनेगा, बल्कि आम लोगों के लिए भी बागवानी की दुनिया को करीब से देखने का अवसर देगा।
ये भी पढ़ें: पूसा कृषि विज्ञान मेला 2026: 25 से 27 फरवरी तक दिल्ली में होगा आयोजित
