हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए शुक्रवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति, और उपभोक्ता मामलों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने धान की खरीदी में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए निर्देश जारी किए। सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में मौजूद खरीद एजेंसियां 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की एमएसपी पर खरीदी सुनिश्चित करें, जिससे एक-एक दाना किसानों से बिना किसी कटौती के खरीदा जाए।
किसान की समस्याएं प्राथमिकता में – CM सैनी
सीएम सैनी ने बैठक के दौरान किसानों से सीधे फोन पर बात कर वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। कुछ किसानों ने धान खरीदी में कटौती की समस्या बताई, जिस पर मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश दिए कि राज्य के सभी अधिकारी इस बात को सुनिश्चित करें कि कटौती की समस्या का समाधान तत्काल किया जाए। आढ़तियों की समस्याओं के समाधान में भी तेजी लाने की बात कही गई, जिसमें पिछले वर्ष की गेहूं कटौती की राशि जल्द जारी करने का निर्देश शामिल है।
सुविधाओं में हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार मंडियों में खरीदी को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। किसानों को सीधे उनके खातों में भुगतान भेजने की व्यवस्था लागू की गई है, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़े और किसानों को उनके उत्पाद का सही मूल्य मिल सके।
कृषि विकास को केंद्र में रख रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि और किसान कल्याण को अपनी नीतियों का केंद्र बिंदु बना रही है। हरियाणा सरकार द्वारा खेती की प्रक्रिया से लेकर बाजार में फसल बेचने तक के हर चरण में किसानों को सहयोग दिया जा रहा है।
