कुरुक्षेत्र: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट सत्र 2026-27 से पहले बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि राज्य का आगामी बजट जनता और किसानों की राय से तैयार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरियाणा बजट 2026-27 में जनमत को शामिल करने के लिए समाज के हर वर्ग से सुझाव लिए जा रहे हैं, ताकि इसका सीधा लाभ राज्य के नागरिकों को मिल सके। कुरुक्षेत्र में आयोजित बजट पूर्व परामर्श बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राप्त सभी सुझावों पर अधिकारी और विषय विशेषज्ञ गंभीरता से विचार करेंगे और जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए बजट तैयार किया जाएगा।
विभिन्न संगठनों से लिया गया फीडबैक
बजट पूर्व परामर्श बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भारतीय किसान संघ, भारतीय मजदूर संघ, स्वदेशी जागरण मंच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, विद्या भारती, अधिवक्ता परिषद, विश्व हिंदू परिषद, क्रीड़ा भारती समेत कई अन्य सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों से बजट को लेकर सुझाव लिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संगठनों के सुझाव जमीनी स्तर की जरूरतों को दर्शाते हैं, जिन्हें बजट में शामिल करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
28 करोड़ नागरिकों का बजट
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह बजट किसी एक सरकार या चुनावी एजेंडे का नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा के 28 करोड़ नागरिकों का बजट है। उन्होंने बजट पूर्व परामर्श प्रक्रिया को लोकतंत्र का एक सशक्त और प्रभावी माध्यम बताते हुए कहा कि किसानों, श्रमिकों, युवाओं, अधिवक्ताओं, शिक्षा, खेल और सामाजिक संगठनों से मिले सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा।
रोजगार सृजन पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव की ओएसडी हीना बिंदलिश ने सरकार द्वारा आयोजित 11 पूर्व-बजट परामर्श बैठकों से जुड़ी कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि राज्य में इनक्यूबेशन केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, स्टार्टअप से जुड़े कई सुझाव पहले ही लागू किए जा चुके हैं और रोजगार सृजन से संबंधित प्रस्तावों पर लगातार काम किया जा रहा है।
आत्मनिर्भर हरियाणा की दिशा में बजट
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार योग्यता के आधार पर नौकरियां दे रही है, जो पहले की सरकारों में संभव नहीं था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार सभी वर्गों को समान सम्मान दे रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की भागीदारी से तैयार किया गया यह बजट हरियाणा को आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
ये भी पढ़ें: खराब मौसम से फसल और बगीचे को बचाने के लिए अपनाएँ ये वैज्ञानिक उपाय

