कृषि समाचार

जीएसटी सुधार देशवासियों के लिए दिवाली गिफ्ट: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश सरकार

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जीएसटी रिफॉर्म्स के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधार देशवासियों के लिए दिवाली गिफ्ट है। यह सुधार किसानों और ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था के लिए ऐतिहासिक है। मुख्यमंत्री के अनुसार, अब ट्रैक्टर, टायर, कीटनाशक और सिंचाई उपकरणों पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है। इससे न केवल खेती की लागत घटेगी बल्कि उत्पादन क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी। उन्होंने कहा कि यह कदम किसानों को सीधी राहत देने के साथ-साथ ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।

रसोई से लेकर कृषि क्षेत्र तक लाभ

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उपभोक्ताओं, किसानों, कारोबारियों और आम परिवारों को राहत देने वाले इन सुधारों का लाभ 22 सितंबर से, यानी शारदीय नवरात्रि के पहले दिन से मिलने लगेगा। उन्होंने याद दिलाया कि जुलाई 2017 में जीएसटी लागू होने से पहले देश में वैट, सेल टैक्स, सेवा कर, उत्पाद शुल्क, एंट्री टैक्स और मनोरंजन कर जैसे जटिल टैक्स सिस्टम लागू थे, जिनका बोझ उपभोक्ताओं और कारोबारियों पर पड़ता था। जीएसटी सुधारों से अब रसोई से लेकर कृषि, मकान निर्माण, हाईवे और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स, उद्योग और व्यापार तक हर क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा।

घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक सामान्य परिवार के घरेलू खर्चों में भी बड़ी राहत मिलेगी।

  • दूध, दही, पनीर
  • शैम्पू, टूथपेस्ट, साबुन
  • साइकिल और बच्चों से जुड़े सामान

अब इन पर केवल 0% से 5% टैक्स लगेगा। इससे रोज़मर्रा के खर्च घटेंगे, उपभोक्ताओं की क्रय क्षमता बढ़ेगी, और बाजार में खपत बढ़ने से उत्पादन में भी तेजी आएगी।

गरीब कल्याणकारी योजनाओं तक फायदा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि टैक्स सुधारों का लाभ गरीब कल्याणकारी योजनाओं में भी साफ दिखता है।

  • 2014 में केवल ₹7,000 करोड़ की डीबीटी होती थी, आज यह बढ़कर ₹6.83 लाख करोड़ तक पहुंच गई है।
  • 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया गया।
  • प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 4 करोड़ परिवारों को घर मिले।
  • प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है।

यूपी के उद्योगों को सीधा लाभ

सीएम योगी ने कहा कि यूपी को इन सुधारों से विशेष लाभ मिलेगा।

  • सिंथेटिक मेंथॉल पर 18% टैक्स और ऑर्गेनिक मेंथॉल पर 5% टैक्स लागू किया गया है।
  • इससे पिपरमिंट, फुटवियर, रेडीमेड वस्त्र और ODOP उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
  • बनारसी साड़ी, लखनऊ की चिकनकारी, बरेली का जरदोजी, जालौन का कागज उद्योग और फिरोजाबाद का ग्लास उद्योग जैसे सेक्टरों में उत्पादन और मांग बढ़ेगी।

इससे न सिर्फ रोजगार सृजन होगा बल्कि यूपी के छोटे और मझोले उद्योग भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। जीएसटी सुधारों पर सीएम योगी का मानना है कि यह किसानों, उपभोक्ताओं और उद्योगों के लिए बहुआयामी लाभकारी कदम है। खेती की लागत घटेगी, उपभोक्ताओं को सस्ते दाम पर जरूरी सामान मिलेगा और यूपी समेत पूरे देश में उद्योग-धंधों को नई रफ्तार मिलेगी।

ये भी पढ़ें: जलवायु परिवर्तन से गन्ना खेती प्रभावित, 25% तक घट सकती है पैदावार

Related posts

Leave a Comment