कृषि समाचार

e-Uparjan: मध्य प्रदेश में गेहूं खरीद के लिए इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य

e-Uparjan farmers with laptop

भोपाल: मध्य प्रदेश में रबी विपणन सीजन के तहत गेहूं खरीद की तैयारी तेज हो गई है। जो किसान सरकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर अपनी उपज बेचना चाहते हैं, उन्हें सबसे पहले e-Uparjan पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा। राज्य सरकार द्वारा संचालित e-Uparjan योजना का उद्देश्य किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलाना और खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है।

राज्य के कृषि विभाग के अनुसार, e-Uparjan Application के माध्यम से पूरे प्रदेश को कवर किया जा रहा है। इस सिस्टम के जरिए सभी जिलों में गेहूं के साथ-साथ धान, ज्वार, बाजरा, चना, मसूर, सरसों सहित अन्य अनाजों की खरीदी और मॉनिटरिंग की जाती है। जो किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य पर अनाज बेचना चाहते हैं, वे MP-euparjan Application या पोर्टल के माध्यम से अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

किन किसानों को मिलेगा e-Uparjan योजना का लाभ

e-Uparjan योजना का लाभ मध्य प्रदेश के सभी किसान उठा सकते हैं। किसान अपने कंप्यूटर या मोबाइल फोन से घर बैठे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद किसान स्लॉट बुकिंग भी करेंगे, जिससे उन्हें तय तारीख और समय पर उपार्जन केंद्र पर अपनी फसल बेचने का अवसर मिलेगा।

खरीदी पूरी होने के बाद किसान को पावती पर्ची दी जाएगी और भुगतान की राशि सीधे किसान के आधार लिंक्ड बैंक खाते में जमा की जाएगी।

e-Uparjan प्रक्रिया के मुख्य चरण

e-Uparjan सिस्टम में कुल छह चरण शामिल हैं—

  • किसान रजिस्ट्रेशन
  • किसान द्वारा स्लॉट बुकिंग
  • उपार्जन केंद्र पर अनाज खरीदी
  • विक्रय किए गए अनाज का परिवहन
  • परिवहन किए गए अनाज का गोदाम में संग्रहण
  • किसान के आधार लिंक्ड बैंक खाते में सीधे भुगतान

सरकार का कहना है कि इस पूरी प्रक्रिया को डिजिटल किया गया है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा।

गेहूं का भाव 2,600 रुपये प्रति क्विंटल

मध्य प्रदेश सरकार ने रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 से पहले किसानों को बड़ी राहत देते हुए गेहूं की खरीद कीमत 2,600 रुपये प्रति क्विंटल तय की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले के बांदा में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान घोषणा की।

केंद्र सरकार ने इस सीजन के लिए गेहूं का MSP 2,585 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। राज्य सरकार की ओर से 15 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस दिया जाएगा, जिससे कुल खरीद कीमत 2,600 रुपये प्रति क्विंटल हो जाएगी।

पिछले सीजन में मिला था ज्यादा बोनस

पिछले मार्केटिंग सीजन में राज्य सरकार ने 2,425 रुपये प्रति क्विंटल के MSP पर 175 रुपये प्रति क्विंटल का बोनस दिया था। इस बार बोनस की राशि कम जरूर है, लेकिन सरकार ने भरोसा दिलाया है कि किसानों को स्थिर और लाभकारी कीमत मिलेगी और खरीदी प्रक्रिया बिना किसी परेशानी के पूरी की जाएगी। कृषि विभाग का कहना है कि किसान समय रहते रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि गेहूं खरीदी के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो और उन्हें MSP का पूरा लाभ मिल सके।

ये भी पढ़ें: PM किसान की 22वीं किस्त से पहले 30 लाख किसानों पर संकट

Related posts

Leave a Comment