लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में खेत-खलिहानों में आगजनी और बेमौसम बारिश की घटनाओं को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों के बीच पहुंचकर उन्हें फसल के बचाव के प्रति जागरूक करें।
आगजनी और बारिश से फसल पर खतरा
कृषि विभाग के अनुसार इस समय रबी फसलों की कटाई और मड़ाई का कार्य चल रहा है। ऐसे में खलिहानों में आग लगने और बारिश से फसल खराब होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों को खास तौर पर बीड़ी, सिगरेट और अन्य ज्वलनशील पदार्थों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
कटाई और भंडारण में बरतें सावधानी
विभाग ने किसानों को निर्देश दिया है कि यदि फसल भीग जाए तो उसे तुरंत भंडारित न करें, बल्कि पहले अच्छी तरह सुखाएं। खेत में पानी जमा न होने दें और कटे हुए फसल के बोझों को खड़ा करके रखें ताकि नुकसान कम हो सके। दानों को भंडारण से पहले लगभग दस प्रतिशत नमी तक सूखाना जरूरी बताया गया है।
भंडारण से पहले करें सफाई
भंडारण स्थल को साफ और कीटमुक्त रखने के लिए धूम्रीकरण करने की सलाह दी गई है। इससे अनाज खराब होने से बच सकता है और लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है।
प्रभावित जिलों का हवाई सर्वे
राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का आकलन करने के लिए हवाई सर्वेक्षण भी कराया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि नुकसान का सही आंकलन कर फसल के बचाव के दिशा निर्देशों के साथ किसानों को जल्द राहत पहुंचाई जाए।
सरकार ने मदद का दिया भरोसा
सरकार ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि किसी भी आपदा की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता और हर संभव मदद दी जाएगी। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि प्रभावित किसानों तक राहत कार्य जल्द से जल्द पहुंचाया जाए। कृषि विभाग का कहना है कि थोड़ी सी सावधानी और सही प्रबंधन से किसान अपनी फसल को बड़े नुकसान से बचा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: बेमौसम बारिश से कई राज्यों में फसल तबाह, किसानों की बढ़ी चिंता

