कृषि समाचार

यूरिया उत्पादन बढ़ाने के लिए 54,000 करोड़ की छह परियोजनाओं को मंजूरी

Projects to increase urea production approved

नई दिल्ली: देश में यूरिया उत्पादन बढ़ाने और आयात पर निर्भरता घटाने के लिए सरकार ने 54,000 करोड़ रुपये की छह गैस आधारित परियोजनाओं को मंजूरी दी है। राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 के तहत सार्वजनिक, निजी और सहकारी क्षेत्र की इन परियोजनाओं से पुरानी इकाइयों का आधुनिकीकरण और उत्पादन क्षमता का विस्तार किया जाएगा।

छह राज्यों में बढ़ेगी यूरिया उत्पादन क्षमता

इन परियोजनाओं में चेन्नई की मद्रास फर्टिलाइजर्स, पंजाब की नांगल इकाई, उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर और जगदीशपुर, पश्चिम बंगाल के पानागढ़ तथा राजस्थान के गडेपन स्थित संयंत्र शामिल हैं। इनमें कुछ पुराने कारखानों की जगह आधुनिक इकाइयां लगेंगी, जबकि अन्य संयंत्रों की उत्पादन क्षमता बढ़ाई जाएगी। खासतौर पर पंजाब की नांगल इकाई की क्षमता 4.73 लाख टन से बढ़ाकर 12.7 लाख टन सालाना करने की योजना है।

पुरानी इकाइयों की जगह लेंगी आधुनिक तकनीक

सरकार का मानना है कि पुराने यूरिया संयंत्रों में ऊर्जा की खपत और उत्पादन लागत अधिक है। नई परियोजनाओं से ऊर्जा दक्षता बढ़ेगी और सुरक्षा संबंधी जोखिम भी कम होंगे। ब्राउनफील्ड परियोजनाओं में पहले से मौजूद जमीन, बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे निर्माण में समय और लागत दोनों बचते हैं।

आयात घटाने और विदेशी मुद्रा बचाने पर जोर

भारत में यूरिया की सालाना खपत करीब 400 लाख टन है। वर्ष 2014-15 में घरेलू उत्पादन 225 लाख टन था, जो 2023-24 में बढ़कर 314.07 लाख टन पहुंच गया। हालांकि, 2025-26 में उत्पादन घटकर 293.30 लाख टन रहा। नई परियोजनाओं से उत्पादन क्षमता बढ़ने और आयात पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। छह परियोजनाओं में प्रत्येक पर करीब 9,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सरकार को इनके संचालन से सालाना लगभग 225 करोड़ रुपये की बचत होने की उम्मीद है। आठ वर्षों में यह बचत करीब 1,800 करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है।

निवेश नीति में भी किए गए बदलाव

राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 को 15 जुलाई को मंत्रिमंडलीय समिति की मंजूरी मिली थी और 30 जुलाई को अधिसूचित किया गया। इसके तहत स्थिर लागत में करीब 8 प्रतिशत की कटौती की गई है। सरकार का उद्देश्य नई और पुरानी इकाइयों के विस्तार को प्रोत्साहित करना है, ताकि देश में यूरिया उत्पादन बढ़े और किसानों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

ये भी पढ़ें: ठंड में गाय-भैंस को बीमारियों से बचाएं, बछड़ों को निमोनिया से रखें सुरक्षित

Related posts

Leave a Comment