मौसम का हाल

उत्तर प्रदेश में बारिश की सुस्ती से बढ़ी गर्मी, 26-27 जुलाई को झमाझम के आसार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मॉनसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के समय तेज धूप और उमसभरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में सोमवार को चिलचिलाती धूप के बीच आसमान अधिकतर साफ रहा, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 22 जुलाई मंगलवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। पश्चिमी यूपी में कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

कई जिलों में अलर्ट, 26-27 जुलाई को झमाझम का अनुमान

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। 23 जुलाई को भी पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं, 24 जुलाई को भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन 25 जुलाई को पूर्वी यूपी में भारी बारिश हो सकती है। 26 और 27 जुलाई को पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होने का अनुमान है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पश्चिमी तराई क्षेत्रों में विशेष रूप से अच्छी बारिश की संभावना बन रही है, जिससे खेतों में नमी बढ़ेगी और खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा।

कई शहरों में तापमान 37 डिग्री के पार

बारिश की सुस्ती का असर तापमान पर भी साफ नजर आया। सोमवार को प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज और कानपुर ग्रामीण में सबसे अधिक 37.2℃, बलिया में 37℃, वाराणसी में 35.8℃, गोरखपुर में 36.1℃ और हमीरपुर में 35.6℃ दर्ज किया गया। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 34.8℃ और न्यूनतम 28℃ रहा। न्यूनतम तापमान की बात करें तो हरदोई में 26.5℃, इटावा में 25.8℃, बलिया में 27.5℃, सुल्तानपुर में 27℃, बस्ती में 28℃, फतेहगढ़ में 28.8℃ और गाजीपुर में 28℃ रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में लोग बेवजह बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में काम कर रहे लोगों को भी सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। यदि आगामी दिनों में बारिश की गतिविधि बढ़ती है, तो इससे गर्मी और उमस में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, खेतों में पानी की कमी से जूझ रहे किसानों को भी राहत मिल सकती है।

Related posts

Leave a Comment