पटना: बिहार सरकार ने गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गन्ना उद्योग विभाग द्वारा ‘गन्ना यंत्रीकरण योजना’ के तहत SUMECH पोर्टल (https://sugarcanemech.bihar.gov.in) की शुरुआत की गई है, जिससे किसान अब ऑनलाइन आवेदन कर कृषि यंत्रों पर सरकारी सब्सिडी का लाभ उठा सकेंगे। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इस योजना में 10 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है। योजना के तहत 33 प्रकार के कृषि यंत्रों को शामिल किया गया है, जिनमें खेत की तैयारी, बुवाई, सिंचाई, कटाई और परिवहन से जुड़े उपकरण प्रमुख हैं। इन यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान से किसानों की खेती की लागत में कमी आएगी, उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, चीनी की रिकवरी दर में इजाफा होगा और कीट एवं खरपतवार नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी।
इस योजना का लाभ वही किसान उठा सकेंगे जिनके पास 13 अंकों का DBT सक्षम किसान पहचान संख्या है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और किसान SUMECH या CCS पोर्टल के माध्यम से अधिकतम तीन कृषि यंत्रों के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी आवेदनों की जांच के बाद चयन प्रक्रिया ऑनलाइन लॉटरी सिस्टम के जरिए की जाएगी। चयनित किसानों को स्वीकृति पत्र जारी किया जाएगा और इसके 14 दिन के भीतर उन्हें पोर्टल पर सूचीबद्ध विक्रेताओं से यंत्र खरीदना होगा।
सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी राशि सीधे विक्रेता के खाते में ट्रांसफर की जाएगी जबकि शेष राशि किसान को स्वयं चुकानी होगी। यह प्रक्रिया योजना की पारदर्शिता और सुगमता सुनिश्चित करती है। बिहार सरकार की यह पहल गन्ना किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने और खेती को लाभप्रद बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल के रूप में देखी जा रही है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे SUMECH पोर्टल पर जल्द से जल्द आवेदन करें और इस योजना का भरपूर लाभ उठाएं। इससे न केवल उनकी खेती आसान होगी, बल्कि लागत में भी कटौती होगी और आय में स्थायी बढ़ोतरी की संभावनाएं बनेंगी। सरकार की यह योजना गन्ना किसानों के लिए राहत और प्रगति का द्वार खोल रही है।
