कृषि समाचार

महाराष्ट्र के 42.30 लाख किसानों को तीन महीने मिलेगा मुफ्त राशन

42.30 lakh farmers of Maharashtra will get free ration for three months

मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने सूखा प्रभावित 33 जिलों के 42.30 लाख किसानों को तीन महीने तक मुफ्त राशन देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। योजना का लाभ उन किसानों को मिलेगा, जो राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम और एपीएल प्रत्यक्ष लाभ अंतरण योजना के दायरे में नहीं आते हैं।

हर महीने मिलेगा 5 किलो मुफ्त अनाज

योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति व्यक्ति हर महीने 5 किलो मुफ्त राशन दिया जाएगा। इसमें 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं शामिल होगा। मुंबई शहर, मुंबई उपनगर और ठाणे जिले को योजना से बाहर रखा गया है। सरकार तीन महीने बाद सूखे की स्थिति की समीक्षा करेगी और उसके आधार पर योजना आगे जारी रखने का फैसला लेगी।

सरकारी सेवाओं में देरी पर लगेगा जुर्माना

कैबिनेट ने सार्वजनिक सेवा अधिकार अधिनियम में संशोधन का प्रस्ताव भी मंजूर किया है। इसके तहत सरकारी सेवाएं देने में बिना उचित कारण देरी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर 25 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकेगा। ऑनलाइन आवेदन करने वाले लोगों को निर्धारित समय में सेवा नहीं मिलने पर स्वचालित अपील की सुविधा भी मिलेगी। पहली और दूसरी अपील के निपटारे के लिए समय-सीमा तय करने का प्रस्ताव है।

ठगी के शिकार निवेशकों को जल्द मिलेगा पैसा

सरकार ने महाराष्ट्र जमाकर्ता हित संरक्षण अधिनियम में संशोधन के लिए विधेयक लाने को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य धोखाधड़ी करने वाले वित्तीय संस्थानों और व्यक्तियों की संपत्ति जब्त कर बेचने की प्रक्रिया तेज करना है, ताकि प्रभावित निवेशकों को उनकी रकम वापस मिल सके। इसके लिए संभागीय स्तर पर विशेष न्यायाधिकरण बनाए जाएंगे, जिन्हें 90 दिनों के भीतर मामलों का निपटारा करना होगा।

सिंचाई परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये मंजूर

कैबिनेट ने नंदुरबार जिले में नर्मदा-तापी नदी जोड़ो परियोजना के लिए 5,548 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इसके तहत छह डायवर्जन बैराज बनाए जाएंगे। परियोजना से करीब 26,526 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलने और 11.50 मेगावाट बिजली उत्पादन की उम्मीद है। इसके अलावा, महाराष्ट्र भू-राजस्व संहिता में संशोधन कर राजस्व मामलों की सुनवाई के लिए नई मामला प्रबंधन प्रणाली लागू करने का फैसला किया गया है। इसमें त्वरित सुनवाई के लिए एक जिला, एक अपील व्यवस्था का प्रस्ताव है। कैबिनेट ने डॉ. पंजाबराव देशमुख छात्रावास रखरखाव भत्ता योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों के भत्ते बढ़ाने को भी मंजूरी दी है।

ये भी पढ़ें: 10 साल में 69 फीसदी बढ़ा भारत का दूध उत्पादन

Related posts

Leave a Comment