Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

जनवरी 2026 में गेहूं के दाम गिरे, MSP खरीद की तैयारी तेज

Wheat in January 2026

नई दिल्ली: देशभर में एक बार फिर गेहूं के बंपर उत्पादन का अनुमान जताया जा रहा है। इसी बीच, न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं की सरकारी खरीद को लेकर राज्यों में तैयारियां तेज हो गई हैं। मध्य प्रदेश में 7 फरवरी से किसानों का रजिस्ट्रेशन शुरू होने वाला है, जबकि राजस्थान सरकार ने गेहूं खरीद शुरू होने की तारीख का ऐलान भी कर दिया है। लेकिन इन सकारात्मक संकेतों के बीच बाजार में गेहूं की कीमतों पर दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। जनवरी 2026 के चौथे सप्ताह में देश के कई राज्यों की थोक मंडियों में गेहूं के भाव में गिरावट दर्ज की गई है।

2628 रुपये प्रति क्विंटल रही औसत कीमत

सरकार के एगमार्कनेट पोर्टल पर उपलब्ध ‘राज्य-वार थोक कीमतों के साप्ताहिक विश्लेषण’ के अनुसार, जनवरी 2026 के चौथे सप्ताह में देश की साप्ताहिक औसत गेहूं कीमत घटकर 2,628 रुपये प्रति क्विंटल रह गई, जबकि जनवरी के तीसरे सप्ताह में यह 2,688 रुपये प्रति क्विंटल थी। यानी एक सप्ताह में औसतन करीब 59 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई है।

प्रमुख राज्यों में गिरी गेहूं की कीमतें

सबसे तेज गिरावट महाराष्ट्र में देखने को मिली, जहां एक ही सप्ताह में गेहूं के भाव 11.9 प्रतिशत टूटकर 3,128 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। छत्तीसगढ़ में भी कीमतों में 13.5 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी कीमतों में 1 से 3 प्रतिशत तक की नरमी बनी रही। हालांकि, कुछ राज्यों में हल्की मजबूती भी देखने को मिली है। हरियाणा में साप्ताहिक आधार पर गेहूं की कीमतों में 4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि कर्नाटक और दिल्ली में भी सीमित तेजी देखने को मिली।

सालाना आधार पर 10 से 20 प्रतिशत तक कमजोर दाम

सालाना तुलना करें तो लगभग सभी राज्यों में गेहूं के भाव पिछले साल जनवरी के मुकाबले 10 से 20 प्रतिशत तक नीचे चल रहे हैं। जनवरी 2025 के मुकाबले महाराष्ट्र में करीब 20 प्रतिशत, छत्तीसगढ़ में 19 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 14 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई है। मार्च से नई फसल की आवक शुरू होने से पहले ही गेहूं बाजार दबाव में नजर आ रहा है। ऐसे में जब आवक तेज होगी, तो कीमतों पर और दबाव बनने की आशंका जताई जा रही है।

MSP से ऊपर बने हुए हैं मौजूदा भाव

हालांकि राहत की बात यह है कि मौजूदा बाजार कीमतें रबी मार्केटिंग सीजन 2025-26 के एमएसपी 2,425 रुपये प्रति क्विंटल से ऊपर बनी हुई हैं। वहीं, नई फसल के लिए लागू रबी मार्केटिंग सीजन 2026-27 का एमएसपी 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जिसके आसपास और थोड़ा ऊपर बाजार भाव चल रहे हैं। मार्च और अप्रैल से शुरू होने वाली सरकारी खरीद से किसानों को कीमतों के मोर्चे पर राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: बजट 2026-27: शी-मार्ट से यूपी में महिला उद्यमिता को मिलेगी नई उड़ान

Exit mobile version