लखनऊ: यूपी में अगले हफ्ते मौसम का मिजाज तेजी से बदलने वाला है। लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक 17 नवंबर (सोमवार) से प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन सुबह के समय कोहरे की चादर कई जिलों में दिखाई दे सकती है। हालांकि फिलहाल शीतलहर का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, मगर तापमान में धीमी गिरावट ने लोगों को ठंड का एहसास कराना शुरू कर दिया है। दिन में हल्की-हल्की धूप लोगों को राहत दे रही है, लेकिन रात और सुबह की ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का अनुमान है कि जिस ठंड की शुरुआत दिसंबर-जनवरी में होती है, वह इस बार नवंबर में ही दस्तक दे रही है, जिससे सीजन के सबसे ठंडे दिनों के पहले आने की संभावना है।
कई जिलों में छाएगा हल्का से मध्यम कोहरा
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह मथुरा, मेरठ, आगरा, कन्नौज, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कानपुर, ललितपुर, औरैया, फर्रुखाबाद, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, शाहजहांपुर, कौशाम्बी, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, पीलीभीत, आजमगढ़, रामपुर, बरेली, शामली और सहारनपुर में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। कोहरे के कारण सुबह के समय विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है, जबकि दिन चढ़ते ही मौसम साफ होने की उम्मीद है।
राज्य में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं, लेकिन ठंड बढ़ रही है
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य में कोई महत्वपूर्ण मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। हल्की शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं, जो तापमान को नीचे ला रही हैं। अगले 3–4 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी कुछ जिलों में दर्ज की जा सकती है। हालांकि कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान पहले ही सामान्य से नीचे पहुंच चुका है।
18 से 22 नवंबर तक शुष्क रहेगा मौसम, कोई अलर्ट नहीं
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 18, 19 और 20 नवंबर को प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। इसी तरह 21 और 22 नवंबर को भी प्रदेश में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। इस पूरे अवधि (18–22 नवंबर) में किसी प्रकार का कोई मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान पहुंचा 7-9 डिग्री तक
प्रदेश के कई जिले तेज गिरते तापमान का अनुभव कर रहे हैं। कानपुर में न्यूनतम तापमान 7.8℃ दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। बाराबंकी में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.9℃ नीचे गिरकर 8.5℃ दर्ज हुआ है। इटावा में 8.4℃, फुरसतगंज और अयोध्या में 9.5℃, मेरठ में 8.8℃ और बुलंदशहर में 9.5℃ तापमान रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी लखनऊ में भी ठंड बढ़ रही है, जहां न्यूनतम तापमान 11.2℃ और अधिकतम तापमान 28.4℃ दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें: नमो ड्रोन दीदी योजना बना महिलाओं की आर्थिक क्रांति का आधार

