नई दिल्ली: भारत की जीडीपी विकास दर को लेकर जारी बहस के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि जब नेतृत्व दृढ़ हो, नीतियां सटीक हों और निर्णय दूरदर्शी हों, तो परिणाम इतिहास रचते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग भारत की अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनमी कहते थे, उन्हें अब समझ लेना चाहिए कि भारत लॉन्ग लाइव इकॉनमी है, जो आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
किसानों और वैज्ञानिकों को दिया श्रेय
अपने पोस्ट में शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि भारत की प्रगति के पीछे किसानों का पसीना, वैज्ञानिकों की मेहनत और 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक शक्ति है। उन्होंने कहा कि भारत आज केवल आर्थिक मजबूती ही नहीं दिखा रहा, बल्कि हर क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
कृषि विकास दर में अभूतपूर्व बढ़ोतरी
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत ने 7.8% की जीडीपी ग्रोथ हासिल की है। यह अनुमानित 6.7% से कहीं अधिक है। उन्होंने विशेष रूप से कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों के अथक परिश्रम और नई तकनीकों के कारण कृषि विकास दर पिछले वर्ष के 1.5% से बढ़कर 3.7% हो गई है। चौहान ने इसे किसानों के लिए गर्व का क्षण बताया।
ट्रंप और विपक्ष पर साधा निशाना
शिवराज सिंह चौहान ने अपने पोस्ट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विपक्षी दलों को आड़े हाथों लिया। गौरतलब है कि ट्रंप ने हाल ही में भारत और रूस की अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनमी कहा था। इसके बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी ट्रंप की राय से सहमति जताते हुए कहा था कि नोटबंदी, जीएसटी, असेंबल इन इंडिया की विफलता और किसानों पर अत्याचार ने भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। शिवराज सिंह ने इन बयानों का जवाब देते हुए कहा कि सच्चाई यह है कि भारत आज वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान बना रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प की ओर मजबूती से बढ़ रहा है।
अमेरिकी टैरिफ के बीच भारत की उपलब्धि
विशेषज्ञों के अनुसार यह उपलब्धि ऐसे समय आई है, जब अमेरिका ने भारत पर 25% टैरिफ लगाने के बाद उसे बढ़ाकर 50% कर दिया है। बावजूद इसके, भारत की अर्थव्यवस्था ने मजबूती दिखाई और विकास दर अनुमानों से कहीं अधिक रही।

