Site icon Krishi Pitaara

रबी फसलों की बुआई में 10% की गिरावट, गेहूं सबसे पीछे

Rabi sowing falls 10%, wheat lags behind

नई दिल्ली: देश में रबी फसलों की बुआई की रफ्तार इस साल धीमी बनी हुई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के 20 नवंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 260.97 लाख हेक्टेयर में रबी फसलों की बुआई हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 290.80 लाख हेक्टेयर में बुआई पूरी हो चुकी थी। इस तरह पिछले साल के मुकाबले करीब 29.83 लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में फसलें बोई गई हैं। यह लगभग 10 प्रतिशत की गिरावट है। इस रबी सीजन में कुल 690.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई का अनुमान है। इसके मुकाबले अब तक करीब 38 प्रतिशत क्षेत्र में ही बुवाई हो पाई है। सबसे ज्यादा चिंता गेहूं की बुआई को लेकर है, जबकि दलहन और मोटे अनाज के रकबे में भी कमी दर्ज की गई है।

गेहूं की बुआई में 17% की गिरावट

रबी सीजन की सबसे प्रमुख फसल गेहूं की बुआई पिछले साल की तुलना में काफी पीछे चल रही है। अब तक 98.65 लाख हेक्टेयर में गेहूं बोया गया है, जबकि पिछले साल 20 नवंबर तक यह रकबा 119.18 लाख हेक्टेयर था। यानी इस बार करीब 20.53 लाख हेक्टेयर कम क्षेत्र में गेहूं की बुआई हुई है। यह लगभग 17 प्रतिशत की कमी है। सरकार ने इस सीजन में गेहूं की बुआई का लक्ष्य 336 लाख हेक्टेयर रखा है।

चने की बुआई में भी आई कमी

दलहन फसलों का कुल रकबा घटकर 63.14 लाख हेक्टेयर रह गया है। पिछले साल इसी अवधि में 67.41 लाख हेक्टेयर में दलहन की बुआई हुई थी। इस तरह इसमें करीब 6 प्रतिशत की गिरावट आई है। दलहन में सबसे अधिक क्षेत्र चने का है, लेकिन इसकी बुआई भी पिछड़ रही है। अब तक 41.35 लाख हेक्टेयर में चना बोया गया है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 48.45 लाख हेक्टेयर था। यानी चने का रकबा करीब 15 प्रतिशत कम है।

मसूर, उड़द और मूंग की बुआई बढ़ी

दलहन की कुछ फसलों में गिरावट के बीच मसूर, उड़द और मूंग की बुआई में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मसूर का रकबा बढ़कर 11.10 लाख हेक्टेयर हो गया है, जो पिछले साल की तुलना में करीब 24 प्रतिशत अधिक है। उड़द की बुआई भी लगभग 13 प्रतिशत बढ़कर 0.98 लाख हेक्टेयर पहुंच गई है। वहीं, मूंग की बुआई 0.11 लाख हेक्टेयर में हुई है, जो पिछले साल से करीब 47 प्रतिशत ज्यादा है।

सरसों की बुआई लगभग स्थिर

तिलहन फसलों की कुल बुआई में पिछले साल के मुकाबले कोई खास बदलाव नहीं आया है। अब तक 73.94 लाख हेक्टेयर में तिलहन बोया गया है, जबकि पिछले साल यह रकबा 73.99 लाख हेक्टेयर था। रबी की प्रमुख तिलहन फसल सरसों की बुआई 71.05 लाख हेक्टेयर में हुई है। यह पिछले साल की तुलना में महज 0.26 प्रतिशत कम है। दूसरी ओर, अलसी की बुआई करीब 27 प्रतिशत बढ़कर 1.18 लाख हेक्टेयर पहुंच गई है। कुसुम का रकबा लगभग 29 प्रतिशत घटकर 0.34 लाख हेक्टेयर रह गया है।

मोटे अनाज और धान का रकबा भी घटा

मोटे अनाज की श्रेणी में ज्वार, मक्का और जौ की बुआई की कुल स्थिति पिछले साल से कमजोर है। इन फसलों का रकबा अब तक 16.95 लाख हेक्टेयर रहा है, जो करीब 20 प्रतिशत कम है। ज्वार की बुआई 26 प्रतिशत घटकर 9.29 लाख हेक्टेयर और जौ की बुआई 42 प्रतिशत घटकर 1.65 लाख हेक्टेयर रह गई है। मक्का का रकबा 5 लाख हेक्टेयर है, जो पिछले साल से लगभग 2 प्रतिशत कम है। रबी सीजन में धान की बुआई भी पीछे चल रही है। अब तक 8.29 लाख हेक्टेयर में धान बोया गया है, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 9.12 लाख हेक्टेयर में इसकी बुआई हुई थी। इस तरह धान के रकबे में करीब 9 प्रतिशत की कमी आई है।

आने वाले हफ्तों में बदल सकते हैं आंकड़े

रबी फसलों की बुआई का काम अभी जारी है। ऐसे में आने वाले हफ्तों में गेहूं सहित दूसरी फसलों का रकबा बढ़ सकता है। खासकर गेहूं की बुआई में तेजी आने पर मौजूदा अंतर कम होने की संभावना है। हालांकि, इस समय उपलब्ध आंकड़े बताते हैं कि पिछले साल के मुकाबले रबी सीजन की शुरुआत धीमी रही है।

ये भी पढ़ें: बिहार: कृषि विभाग में 147 पदों पर भर्ती, 15 दिसंबर से आवेदन

Exit mobile version