Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

रबी सीजन 2021-22 के दौरान सरकार ने की गेहूँ की रिकॉर्ड खरीद

नई दिल्ली: रबी सीजन 2021-22 के लिए सरकारी खरीद का काम अब बंद हो चुका है। रबी मार्केटिंग सीजन अप्रैल से मार्च तक चलता है। सरकार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार 18 अगस्त तक 389.93 लाख टन के मुकाबले सरकार ने 433.44 लाख टन गेहूँ की रिकॉर्ड मात्रा में खरीद की है। इसके एवज में 49 लाख किसानों के खाते में 85600 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं।

कृषि मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार गेहूँ उत्पादन के मामले में अकेले उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 34.89 प्रतिशत है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार देश का 93.31 प्रतिशत गेहूँ का उत्पादन करते हैं। इसमें पंजाब की हिस्सेदारी 21.55 प्रतिशत, हरियाणा की 13.20 प्रतिशत, मध्य प्रदेश की 8.81 प्रतिशत, राजस्थान की 8.57 प्रतिशत और बिहार की हिस्सेदारी 6.2 प्रतिशत है।

आपको बता दें कि चीन दुनिया भर में सबसे ज्यादा गेहूँ का उत्पादन करता है। इसके बाद स्थान आता है भारत का। भारत के बाद रूस, अमेरिका और कनाडा का स्थान है। गेहूँ उत्पादन के मामले में बेहतर स्थिति होने की वजह से इसके निर्यात के मामले में भी हमारा देश बेहतर स्थिति में है। कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण की ओर से मिली जानकारी के अनुसार भारत ने वर्ष 2019-20 के दौरान नेपाल, संयुक्त अरब अमीरात, सोमालिया, कोरिया और बांग्लादेश को 439 करोड़ रुपए का गेहूँ निर्यात किया है।

Exit mobile version