Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

01 से 03 मार्च तक पूसा में होगा कृषि विज्ञान मेले का आयोजन

नई दिल्ली: आज के समय में अनेक प्रगतिशील किसान कृषि के क्षेत्र में लगातार कुछ नया सीखने और नए-नए प्रयोग करने के लिए तैयार रहते हैं। इसके लिए वे सभी उपलब्ध साधनों का उपयोग कर रहे हैं। जैसे – इंटरनेट, विशेषज्ञों से विचार-विमर्श और कृषि से संबन्धित सरकारी संस्थानों का भ्रमण आदि। विभिन्न राज्यों की सरकारों के अलावा केंद्र सरकार भी समय-समय पर ऐसे प्रगतिशील किसानों को कृषि के क्षेत्र में हो रहे महत्वपूर्ण परिवर्तनों को देखने-समझने का मौका देती है। इसके लिए विभिन्न विषयों पर केन्द्रित कृषि मेलों का आयोजन किया जाता है। यहाँ किसानों को देश के अन्य हिस्सों से आए कई और प्रगतिशील किसानों को जानने-सुनने का मौका मिलता है।  

केंद्र सरकार आगामी 01 मार्च से 03 मार्च तक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान परिसर, नई दिल्ली में कृषि विज्ञान मेले का आयोजन करने जा रही है। इस मेले में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के अलावा राज्य कृषि विश्वविद्यालय, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थान, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और गैर-सरकारी संगठनों के लोग भी शामिल होंगे। आपको बता दें कि इस मेले की शुरूआत 1972 से हुई थी। तब से हर साल इसका आयोजन होता आया है।

इस कृषि विज्ञान मेले में देशभर से हजारों प्रगतिशील किसानों के पहुँचने की उम्मीद है। अगर बात करें मेले की थीम की तो इस बार यह मेला ‘सतत विकास’ पर केन्द्रित होगा। मेले में किसानों को कई प्रकार की जानकारियाँ दी जाएंगी। ख़ास तौर पर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा विकसित नवीन तकनीकों की जानकारी। इस कृषि मेले का एक उद्देश्य यह भी है कि ज़्यादा से ज़्यादा किसान संस्थान द्वारा विकसित तकनीकों से परिचित हो सकें। जिससे कि उनके उपयोग से किसानों की आय दोगुनी हो सके।

इस मेले में किसानों के सामने एक विशेष तकनीक को प्रदर्शित किया जाएगा जिसके इस्तेमाल से वो खराब पानी को खेती के कामों में ला सकेंगे। इसके अलावा इस कृषि मेले में लगभग 300 स्टॉल लगाए जाएंगे। जहाँ कई प्रकार की संस्थाएँ व संगठन अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगा सकेंगे। इस मेले में किसानों को कई प्रकार के मॉडल भी देखने को मिलेंगे जो किसानों के लिए काफी फायदेमंद साबित होंगे। इस मेले की एक और ख़ास बात है। यहाँ किसानों के लिए मिट्टी और पानी की मुफ्त जाँच की सुविधा दी जाएगी।

यह कृषि विज्ञान मेला आगंतुकों के लिए सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक खुला रहेगा। मेला स्थल तक पहुंचने में आगंतुकों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए परिसर के मुख्य द्वार पर मुफ्त शटल बस सेवा दी जा रही है। शटल बस की सेवा संस्थान के इंद्रपुरी और राजेंद्र नगर की ओर खुलने वाले मुख्य द्वारों की ओर उपलब्ध रहेगी।

Exit mobile version