लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए हरे चारे की उपलब्धता बढ़ाने की योजना बनाई है। इसके तहत प्रदेश के करीब 7 हजार किसानों के साथ लगभग 14 हजार हेक्टेयर जमीन पर चारा उत्पादन के लिए अनुबंध किया गया है। इससे गोशालाओं को स्थानीय स्तर पर नियमित चारा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को चारा उत्पादन के जरिए अतिरिक्त आमदनी का अवसर भी मिलेगा। सरकार ने चारा उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान और मुफ्त रोपण सामग्री देने की व्यवस्था की है। खासतौर पर नेपियर घास की खेती पर जोर दिया जा रहा है, ताकि गोआश्रय स्थलों को सालभर हरे चारे की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
नेपियर घास की खेती पर 22 हजार रुपये तक अनुदान
चारा नीति 2025-26 के तहत किसानों और गोशालाओं से जुड़ी ग्राम पंचायतों को नेपियर घास की खेती के लिए प्रति हेक्टेयर 20 हजार से 22 हजार रुपये तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा उन्नत किस्म की नेपियर घास की जड़ें और रूट स्लिप मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे किसानों की शुरुआती लागत कम होगी। नेपियर घास की खासियत है कि उचित देखभाल और सिंचाई मिलने पर इसकी कई बार कटाई की जा सकती है। सरकार इसके साथ फसल अवशेषों के उपयोग और सामुदायिक चरागाहों के विकास को भी बढ़ावा दे रही है।
दो साल में एक लाख किसान-पशुपालकों को लाभ
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो वर्षों में चारा विकास कार्यक्रमों से करीब एक लाख किसान और पशुपालक लाभान्वित हुए हैं। वर्ष 2025-26 में 60 लाख नेपियर रूट स्लिप मुफ्त बांटी गईं, जबकि 2026-27 में इनकी संख्या बढ़ाकर 78 लाख कर दी गई। वर्ष 2026-27 में 260 हेक्टेयर भूमि के लिए रूट स्लिप उपलब्ध कराई गई थी। अब अगले चरण में इसका दायरा बढ़ाकर 720 हेक्टेयर करने की योजना है। इससे नेपियर घास की खेती का क्षेत्रफल लगभग तीन गुना करने का लक्ष्य है।
150 मास्टर ट्रेनर देंगे चारा उत्पादन का प्रशिक्षण
चारा उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों को इसकी वैज्ञानिक तकनीक सिखाने की भी तैयारी है। झांसी स्थित भारतीय चारागाह एवं चारा अनुसंधान संस्थान में प्रदेश के हर जिले से दो अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर बनाया गया है। इस तरह कुल 150 प्रशिक्षक तैयार किए गए हैं। ये अधिकारी विकासखंड स्तर पर पशुपालकों को प्रशिक्षण देंगे। प्रत्येक विकासखंड में 100 पशुपालकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशिक्षण में उन्नत किस्मों के चयन, उत्पादन तकनीक, चारा संरक्षण और वैज्ञानिक प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।
3.74 लाख हेक्टेयर में हो रही हरे चारे की खेती
उत्तर प्रदेश में खरीफ, रबी और जायद तीनों मौसमों को मिलाकर करीब 3.74 लाख हेक्टेयर भूमि पर हरे चारे का उत्पादन किया जा रहा है। अतिरिक्त चारा विकास कार्यक्रम के तहत किसानों को उन्नत बीज, जड़ें और रूट स्लिप बांटी जा रही हैं। सामुदायिक जमीन पर भी चारा उत्पादन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे गोशालाओं को आसपास के क्षेत्रों से चारा मिल सकेगा और बाहर से इसकी खरीद तथा ढुलाई पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलेगी।
7,700 से अधिक आश्रय स्थलों में 16 लाख गोवंश
राज्य सरकार के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 7,700 से अधिक गोआश्रय स्थलों में 16 लाख से ज्यादा निराश्रित गोवंश संरक्षित हैं। इतनी बड़ी संख्या में पशुओं के लिए नियमित चारे की व्यवस्था करना सरकार के सामने बड़ी चुनौती है। इसी जरूरत को पूरा करने के लिए किसानों को चारा उत्पादन और आपूर्ति से जोड़ा जा रहा है। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योगी सरकार निराश्रित गोवंश के संरक्षण और बेहतर भरण-पोषण के लिए लगातार प्रयास कर रही है। गोशालाओं में चारे की उपलब्धता बढ़ाने के लिए किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
योजना का लाभ लेने के लिए सिंचित जमीन जरूरी
पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश मेश्राम के अनुसार, चारा उत्पादन और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। नेपियर की खेती, किसान अनुबंध और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से गोसंरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों की आय बढ़ाने का भी प्रयास है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक प्रगतिशील किसानों और पशुपालकों के पास कम से कम 0.2 हेक्टेयर सिंचित भूमि होना अनिवार्य है। पात्र किसानों को अनुदान और मुफ्त रूट स्लिप उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का लक्ष्य स्थानीय स्तर पर चारे का उत्पादन बढ़ाकर गोशालाओं तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
ये भी पढ़ें: रागी की खेती से किसान बढ़ा सकते हैं कमाई, जानें खेती की उन्नत विधि

