Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

पीएम किसान की 21वीं किस्त जारी, 27 लाख किसान लाभान्वित

पीएम किसान की 21वीं किस्त जारी

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री पीएम किसान की 21वीं किस्त जारी कर दी है। यह किस्त विशेष रूप से उन राज्यों के किसानों के लिए जारी की गई है, जो हाल ही में बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुए हैं। इसमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड शामिल हैं।

किसानों के खाते में पहुंची 540 करोड़ रुपये की राशि

कृषि मंत्रालय के अनुसार, पीएम किसान की 21वीं किस्त के तहत कुल 540 करोड़ रुपये की राशि तीनों राज्यों के 27 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के जरिए भेजी गई।

सीधी मदद, सीधा विश्वास” कृषि मंत्रालय

कृषि मंत्रालय ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा है, “प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि प्राकृतिक आपदा की घड़ी में भी किसानों के साथ, सीधी मदद, सीधा विश्वास।”

इस मौके पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि भवन, नई दिल्ली से अग्रिम वितरण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हाल ही में आई बाढ़ और भूस्खलन से किसानों की फसलें बर्बाद हो गईं और कई खेतों में रेत-मिट्टी भर गई। ऐसे समय में यह किस्त किसानों के लिए तत्काल राहत लेकर आई है।

रबी सीजन की तैयारी में मदद

कृषि मंत्री चौहान ने कहा कि पीएम किसान की यह किस्त किसानों को रबी सीजन के लिए बीज और खाद की व्यवस्था करने में मदद करेगी। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी की किसानों के प्रति “सीधी मदद और सीधा विश्वास” की नीति करार दिया।

पीएम मोदी ने किया था मदद का वादा

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने किसानों से वादा किया था कि उनकी मुश्किलों को कम करने के लिए पीएम किसान योजना की राशि जल्द जारी की जाएगी। इसी घोषणा के तहत यह किस्त दिवाली से पहले किसानों के खातों में ट्रांसफर की गई।

ये भी पढ़ें: MP में सोयाबीन पर भावांतर योजना लागू, MSP 5328 रुपए तय

Exit mobile version