कृषि समाचार

PM किसान 22वीं किस्त फरवरी अंत तक आने की संभावना

PM Kisan

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM किसान) योजना की 22वीं किस्त को लेकर देशभर के किसानों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। जैसे-जैसे संभावित तारीख नजदीक आ रही है, किसान पिछली किस्तों की टाइमलाइन के आधार पर अंदाजा लगा रहे हैं कि अगली किश्त फरवरी के आखिरी सप्ताह में जारी हो सकती है। सरकार की ओर से अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन पिछले वर्षों के पैटर्न से यह संकेत जरूर मिल रहा है कि 22वीं किस्त जल्द किसानों के खातों में पहुंच सकती है।

पिछली किस्तों की टाइमलाइन से क्या संकेत मिलते हैं

पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी को पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त जारी की थी। वर्ष 2024 में 16वीं किस्त 28 फरवरी को ट्रांसफर की गई थी। वहीं 2023 में 13वीं किस्त 27 फरवरी को किसानों के खातों में आई थी। इन तारीखों को देखते हुए माना जा रहा है कि 22वीं किस्त भी फरवरी के अंतिम सप्ताह में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए जारी की जा सकती है।

22वीं किस्त का लेटेस्ट अपडेट कहां देखें

किसान 22वीं किस्त से जुड़ी ताजा जानकारी पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर देख सकते हैं। वेबसाइट के ‘बेनिफिशियरी लिस्ट’ सेक्शन में जाकर किसान अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव का चयन कर सबमिट करना होगा। इसके बाद पात्र किसानों की सूची स्क्रीन पर दिखाई देगी।

आधार-बैंक लिंक और केवाईसी जरूरी

सरकार ने साफ किया है कि जिन किसानों का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं है या ई-केवाईसी पूरी नहीं हुई है, उनकी किस्त अटक सकती है। इसलिए किसानों को पीएम किसान वेबसाइट, मोबाइल ऐप या किसान ई-मित्र चैटबॉट के ‘नो योर स्टेटस’ (KYS) विकल्प के जरिए अपना स्टेटस जरूर जांच लेना चाहिए।

21वीं किस्त में कितने किसानों को मिला लाभ

PM किसान योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर को जारी की गई थी। इस किस्त के तहत 9.35 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिला और करीब 18,000 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की गई थी।

पीएम किसान योजना की खास बातें

PM किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 1 दिसंबर 2018 को हुई थी। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जो तीन बराबर किश्तों में मिलती है। यानी हर चार महीने में 2,000 रुपये सीधे किसानों के खाते में भेजे जाते हैं। अब तक पहली 20 किश्तों में 11 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को 3.70 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता दी जा चुकी है। कुल मिलाकर, पिछली किस्तों के ट्रेंड को देखते हुए किसानों को फरवरी के अंतिम सप्ताह में 22वीं किस्त मिलने की उम्मीद है। हालांकि, अंतिम फैसला सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

ये भी पढ़ें: UP में महिला डेयरी मॉडल से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रही है नई ताकत

Related posts

Leave a Comment