Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

अब दुनिया चखेगी उत्तर प्रदेश के आमों की मिठास, यूपी आम महोत्सव-2025 से मिलेगी वैश्विक पहचान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के आम अब सिर्फ देश में नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी मिठास का परचम लहराएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में आयोजित उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025 न सिर्फ आम की किस्मों और स्वाद को प्रदर्शित करेगा, बल्कि यह राज्य की कृषि नवाचार, संस्कृति और निर्यात क्षमता को भी दुनिया के सामने लाने का एक बड़ा मंच बनने जा रहा है। तीन दिवसीय यह महोत्सव आम प्रेमियों और किसानों के लिए एक खास आयोजन साबित होगा, जहां उन्हें करीब 800 किस्मों के आम देखने और चखने का अवसर मिलेगा। आयोजन का उद्देश्य किसानों की आमदनी बढ़ाना, बागवानी उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाज़ार तक पहुंचाना और आम के निर्यात को बढ़ावा देना है।

दुबई और लंदन के लिए रवाना होंगे आम के कंटेनर

उत्तर प्रदेश सरकार के आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के हॉर्टिकल्चर मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि इस महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसी मौके पर मुख्यमंत्री लंदन और दुबई के लिए आमों के विशेष कंटेनरों को रवाना करेंगे। इससे प्रदेश के आमों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस आयोजन में आम जनता के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा।

राज्य को मिला औद्यानिक निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड

हॉर्टिकल्चर मंत्री ने बताया कि योगी सरकार के कार्यकाल में उद्यानिकी क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन किए गए हैं। किसानों को वैश्विक बाज़ार से जोड़ने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य औद्यानिक निर्यात प्रोत्साहन बोर्ड का गठन किया गया है। इसके अलावा औद्यानिक उन्नयन गोष्ठियों का आयोजन कर किसानों को कम क्षेत्र में अधिक मूल्य की फसलें उगाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रदेश के सभी मंडलों में इन गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा, जो बागवानी में गुणवत्ता सुधार, वैज्ञानिक तरीकों और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने का काम करेंगी।

जेवर में बनेगा ट्रीटमेंट और टेस्टिंग पार्क

राज्य सरकार द्वारा जेवर एयरपोर्ट के पास एक इंटीग्रेटेड टेस्टिंग और ट्रीटमेंट पार्क की स्थापना की जा रही है। इसका मकसद यह है कि किसानों के उत्पादों को कम लागत पर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार परीक्षण और उपचार मिल सके, जिससे उन्हें विदेशों में निर्यात करने में आसानी हो और गुणवत्ता पर कोई सवाल न उठे।

महोत्सव में आम के पौधे और उत्पादों की बिक्री भी

आम महोत्सव में सिर्फ फल ही नहीं, बल्कि आम के पौधे और उससे बने प्रसंस्कृत उत्पादों की भी बिक्री की जाएगी। इस पहल से स्थानीय उत्पादकों और उद्यमियों को एक बड़ा मंच मिलेगा। इसके साथ ही किसानों को तकनीकी जानकारी, समस्याओं के समाधान और प्रशिक्षण का भी मौका मिलेगा। पहले दिन दोपहर 12 बजे से क्रेता-विक्रेता सम्मेलन और तकनीकी सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आम की तुड़ाई के सुरक्षित तरीके, पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट, विपणन और निर्यात जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।

कृषि, संस्कृति और व्यापार का संगम

उत्तर प्रदेश आम महोत्सव-2025 राज्य की कृषि समृद्धि, सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक व्यापार के बीच एक महत्वपूर्ण पुल बनकर उभर रहा है। यह आयोजन न केवल किसानों को नए बाज़ारों से जोड़ेगा, बल्कि आम को लेकर उत्तर प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तार देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल किसानों की आमदनी दोगुनी करने और ‘मेड इन यूपी’ उत्पादों को वैश्विक ब्रांड बनाने की दिशा में एक ठोस कदम मानी जा रही है।

Exit mobile version