लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मॉनसून अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताज़ा अपडेट के अनुसार, राज्य में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना नहीं है। विभाग ने बताया कि 19 सितंबर (शुक्रवार) को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें देखने को मिल सकती हैं, जबकि पूर्वी यूपी में कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। हालांकि, इस दौरान कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
पश्चिमी यूपी में रहेगा शुष्क मौसम
20 और 21 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने की उम्मीद है। वहीं, पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले पांच दिनों तक पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना बेहद कम है। इसके चलते तेज धूप निकलेगी और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भीषण गर्मी का सितम झेलना पड़ सकता है, जिससे आम जनता को परेशानी होगी।
यूपी के इन जिलों में हल्की बारिश की संभावना
पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इनमें लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, अयोध्या, गोरखपुर, आजमगढ़, अमेठी, रायबरेली, जौनपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, बस्ती, श्रावस्ती, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, बिजनौर, अमरोहा, संभल और सहारनपुर शामिल हैं।
24 सितंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
- 22 सितंबर: पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
- 23-24 सितंबर: मौसम का रुख लगभग समान रहेगा। भारी बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन पूर्वी यूपी में हल्की बौछारें संभव हैं।
मौसम विभाग की रिपोर्ट बताती है कि गुरुवार को लखनऊ, बांदा, उरई, हमीरपुर, कानपुर शहर, फुरसतगंज और बरेली सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। बुधवार को लखनऊ में तेज बारिश से तापमान में गिरावट आई थी।
फिलहाल कोई चेतावनी नहीं
वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा कि यूपी में अगले पांच दिनों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, अनुमान है कि शनिवार से कई जिलों में अधिकतम तापमान में उछाल दर्ज होगा और गर्मी का असर और ज्यादा महसूस किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: यूपी में धान खरीद: MSP पर फसल बिक्री की तारीखें व पंजीकरण प्रक्रिया

