Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

18 जुलाई से उत्तर प्रदेश में फिर सक्रिय होगा मॉनसून, बढ़ेगी बारिश

Monsoon Update

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कुछ दिनों की सुस्ती के बाद मॉनसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 18 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। 17 से 22 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि 17 जुलाई के लिए किसी भी जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि हवा में नमी अधिक रहने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

18 जुलाई से मॉनसून पकड़ेगा रफ्तार

लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार बंगाल की खाड़ी में ओडिशा तट के पास कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके प्रभाव से 18 जुलाई से उत्तर प्रदेश में मॉनसून दोबारा सक्रिय होगा और बारिश की गतिविधियों में तेजी आएगी। इससे कई जिलों में किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबेडकर नगर में 75 मिलीमीटर, हमीरपुर में 54 मिलीमीटर, मथुरा में 44 मिलीमीटर, अयोध्या में 42 मिलीमीटर और गोरखपुर में 38 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

लखनऊ समेत कई जिलों में हल्की बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मॉनसून की रफ्तार धीमी पड़ने के कारण पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी बनी हुई है। राजधानी लखनऊ में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है और शाम तक हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार लखनऊ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग का कहना है कि 18 जुलाई से मॉनसून के दोबारा सक्रिय होने के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दायरा बढ़ेगा, जिससे मौसम सुहावना होने के साथ खरीफ फसलों की बुवाई को भी गति मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें: नई यूरिया नीति को मंजूरी, देश में लगेंगे 9 नए यूरिया संयंत्र

Exit mobile version