मुंबई: महाराष्ट्र में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गईं, घर और दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा। ऐसे में राज्य सरकार ने किसानों और व्यापारियों दोनों के लिए एक बड़ा राहत पैकेज घोषित किया है। सोमवार को कैबिनेट ने एक अहम बैठक की। इसके बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह ऐलान किया कि सरकार ने महाराष्ट्र के बाढ़ प्रभावित किसानों को प्रति हेक्टेयर 10,000 रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है।
किसानों के लिए अब तक का सबसे बड़ा राहत पैकेज
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि राज्य सरकार की ओर से 31,628 करोड़ रुपये का राहत पैकेज मंजूर किया गया है, जिसे किसानों, दुकानदारों और बाढ़ प्रभावित परिवारों तक जल्द पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह महाराष्ट्र के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा राहत पैकेज है। इस पैकेज के तहत फसल नुकसान, घरों के पुनर्निर्माण और व्यापारिक नुकसान की भरपाई की जाएगी।
किसानों के लिए राहत की ये मुख्य घोषणाएं
कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा:
- प्रति हेक्टेयर 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता किसानों को दी जाएगी।
- बाढ़ में जिन किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं, उन्हें 17,000 रुपये तक की फसल बीमा राशि दी जाएगी।
- रबी फसलों के लिए 10,000 रुपये प्रति हेक्टेयर अतिरिक्त सहायता दी जाएगी, जिसके लिए 6,500 करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है।
- फसल नुकसान के लिए 6,175 करोड़ रुपये अलग से आवंटित किए गए हैं।
- कुल मिलाकर 32,000 करोड़ रुपये से अधिक का राहत पैकेज किसानों और ग्रामीण इलाकों के लिए स्वीकृत किया गया है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिलेगा नया घर
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि बाढ़ में जिन लोगों के घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत नए घर बनाकर दिए जाएंगे। इससे बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी और वे फिर से अपना जीवन व्यवस्थित कर सकेंगे।
दुकानदारों के लिए भी राहत
राज्य सरकार ने सिर्फ किसानों ही नहीं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों के लिए भी सहायता राशि का ऐलान किया है। जिन दुकानदारों को बाढ़ के कारण नुकसान हुआ है, उन्हें 50,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
दिवाली से पहले मिलेगी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को दिवाली से पहले पूरी वित्तीय सहायता पहुंचा दी जाए ताकि वे त्योहार से पहले अपनी स्थिति सुधार सकें। उन्होंने बताया कि राज्य के 253 तालुकों में राहत कार्य चल रहे हैं और हर प्रभावित परिवार तक मदद पहुंचाई जा रही है।
फसल बीमा और पुनर्वास दोनों पर फोकस
डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे और अजीत पवार ने बताया कि फसल बीमा की रकम जल्द से जल्द किसानों के खातों में भेजी जाएगी। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास और बुनियादी ढांचे के सुधार कार्य भी शुरू किए जाएंगे ताकि आने वाले समय में इस तरह की स्थिति से बेहतर तरीके से निपटा जा सके।
ये भी पढ़ें: पंजाब में किसानों का बड़ा प्रदर्शन, ये है किसानों की मांग

