Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त जारी, 1836 करोड़ ट्रांसफर

लाडली बहना योजना

खंडवा: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को राज्य की लाडली बहनों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त जारी की। उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में कुल 1836 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की। इसके साथ ही योजना के तहत अब तक बहनों को 52,304 करोड़ रुपए से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह कार्यक्रम खंडवा जिले के पंधाना में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित किया।

बहनें प्रदेश की लक्ष्मी और अन्नपूर्णा हैं: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बहनें मध्य प्रदेश की लक्ष्मी और अन्नपूर्णा हैं और उनके सशक्तिकरण के लिए सरकार के खजाने में कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार नारी कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सनातन संस्कृति में नारी का स्थान सर्वोपरि है और सरकार हर कदम पर बहनों के साथ खड़ी है। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और लाड़ली बहनों पर पुष्प वर्षा के साथ की गई।

62 लाख बहनें बनीं आत्मनिर्भर

मुख्यमंत्री ने बताया कि बहनों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए उन्हें स्व-सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है और आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रदेश में करीब 5 लाख स्व-सहायता समूह संचालित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से अब तक 62 लाख बहनें आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। लखपति दीदी के साथ अब ड्रोन दीदी जैसी नई पहचान भी बहनों को मिल रही है। इसके अलावा कपास आधारित उद्योग से जुड़ी महिलाओं को 5 हजार रुपए प्रतिमाह अतिरिक्त सहायता देने की व्यवस्था की जा रही है।

2026 होगा कृषक कल्याण वर्ष

कृषि और किसान कल्याण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को कृषक कल्याण वर्ष घोषित किया है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों को भावांतर योजना का लाभ दिया जा रहा है और गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। उन्होंने कहा कि खेती में महिलाओं की भागीदारी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

खंडवा को 608 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने खंडवा जिले में 608 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले 13 विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। इनमें 301 करोड़ रुपए की भाम सिंचाई परियोजना, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्रयोगशाला और पंधाना के नवीन शासकीय सांदीपनि विद्यालय का शुभारंभ शामिल है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलने और कृषि उत्पादन बढ़ने की उम्मीद जताई गई।

धार्मिक पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि निमाड़ अंचल को एक बड़े आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। ओंकारेश्वर, बाबा ममलेश्वर धाम, संत सिंगाजी धाम और एकात्म धाम जैसी परियोजनाओं से क्षेत्र की पहचान और मजबूत होगी। साथ ही खंडवा से ओंकारेश्वर और ओंकारेश्वर से इंदौर के बीच नई रेल लाइन शुरू होने से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और विकास को नई गति मिलेगी।

ये भी पढ़ें: सोयाबीन के भाव में मंदी, कई राज्यों में MSP से नीचे पहुंचे दाम

Exit mobile version