Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

कई राज्यों में बारिश के आसार, पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

इन राज्यों में भारी बारिश

नई दिल्ली: दिल्ली-NCR और उत्तर भारत के कई राज्यों में इस समय उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। वहीं, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मॉनसून की वापसी के संकेत दिए हैं। आमतौर पर अक्टूबर के मध्य तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पूरे देश से लौट जाता है और उसकी जगह उत्तर-पूर्वी हवाएं ले लेती हैं। इस बीच, मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 19 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के आसार है।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। सुबह के समय मुख्य सतही हवाएं दक्षिण-पूर्व दिशा से चलेंगी, जिनकी गति 8–12 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। 21 सितंबर से दिल्ली में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

यूपी-बिहार में झमाझम बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हुई झमाझम बारिश ने मौसम सुहावना कर दिया है। हालांकि, अगले दिनों में बारिश कम हो जाएगी और उमस भरी गर्मी का असर बढ़ सकता है। पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं और पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 19 से 23 सितंबर तक राज्य में भारी बारिश की संभावना नहीं है।

वहीं, बिहार में पिछले तीन दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। आज भी कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी है। 19 और 20 सितंबर तक कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के आसार हैं।

हरियाणा-पंजाब में बदलेगा मौसम

हरियाणा और पंजाब में बादलों की आवाजाही जारी है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दोनों राज्यों में मौसमी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और चंडीगढ़ समेत कई हिस्सों में मेघ गर्जन और तेज हवाओं की संभावना जताई है। अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम का कहर जारी है। उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में बारिश के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं। वहीं, चमोली में बादल फटने से हालात बिगड़ गए हैं।

हिमाचल प्रदेश में भी अगले 2 दिन तक कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल

मौसम विभाग ने लोगों को बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

ये भी पढ़ें: बकरियों को ठंढ से बचाना ज़रूरी, सीआईआरजी मथुरा ने तैयार किया मॉडल

Exit mobile version