Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

बिहार सरकार करेगी किसानों के नुकसान की क्षतिपूर्ति

पटना: बिहार में इस साल बाढ़ और भारी बारिश की वजह से किसानों का काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में राज्य सरकार ने किसानों के नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए जल्द मुआवजा देने की घोषणा की है। इस दिशा में आगे बढ़ते हुए कृषि विभाग ने नुकसान का आकलन कर लिया है और आपदा प्रबंधन विभाग को अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी है। इस रिपोर्ट में किसानों के अनुमानित नुकसान का ज़िक्र है। कृषि विभाग के अनुसार बाढ़ और अत्यधिक बारिश की वजह से इस साल किसानों का 998.11 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। विभाग की ओर से जारी प्रेस रिलीज में यह कहा गया है कि आपदा प्रबंधन विभाग से मुआवजे की राशि प्राप्त होने के तुरंत बाद प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजे की राशि प्रदान की जाएगी।

इस संबंध में कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि, “राज्य सरकार उन सभी किसानों की क्षतिपूर्ति करेगी, जिनकी फसल को नुकसान हुआ है। सरकार प्रत्येक मुसीबत की घड़ी में बिहार के किसानों के साथ खड़ी है। बाढ़ से प्रभावित सभी किसानों को सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फसल क्षतिपूर्ति में धन की कमी आड़े नहीं आएगी। सरकार का मानना है कि सरकार के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है।”

गौरतलब है कि कृषि विभाग को अब तक राज्य के कुल 30 जिलों से खरीफ फसल की क्षति का आकलन प्राप्त हुआ है। इसके अनुसार इन जिलों के कुल 283 प्रखंडों के 6,45,708.63 हेक्टेयर में 33 प्रतिशत से अधिक फसल के नुकसान की रिपोर्ट की गई है। इस नुकसान की कुल अनुमानित राशि 875.27 करोड़ रुपये है। इसी तरह विभिन्न कारणों से 17 जिलों में परती रह गई 1,41,227.71 हेक्टेयर क्षति के लिए 96.03 करोड़ रुपए और कुल 7,86,936.34 हेक्टेयर क्षति के लिए 971.30 करोड़ रुपए की क्षति का आकलन किया गया है।

Exit mobile version