Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

बिहार में मत्स्य किसानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ मिल रहा है प्रदर्शन अनुदान

पटना: बिहार सरकार मत्स्य पालन को संगठित, समृद्ध और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के लिए व्यापक प्रयास कर रही है। इसी दिशा में राज्य में प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना को लागू किया गया है, जिसके तहत मत्स्य किसानों को न केवल आर्थिक सहायता दी जा रही है, बल्कि उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त भी किया जा रहा है। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के अंतर्गत कार्यरत मत्स्य प्रभाग ने इस योजना के तहत ‘नेशनल फिशरिज डिजिटल प्लेटफॉर्म’ (एनएफडीपी) पर बड़े पैमाने पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए राज्य के मछली पालकों को कई सुविधाएं और लाभ मिल रहे हैं।

एनएफडीपी पर पंजीकरण कराने के बाद किसानों को एक डिजिटल पहचान पत्र प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकें। इस योजना के अंतर्गत स्वंय सहायता समूहों (SHGs), लघु उद्यमियों, सहकारी समितियों और मत्स्य किसान संगठनों को 35 प्रतिशत तक का प्रदर्शन अनुदान (Performance Grant) दिया जा रहा है, जिससे वे अपने व्यवसाय को सशक्त रूप से आगे बढ़ा सकें। एनएफडीपी केवल वित्तीय अनुदान का माध्यम नहीं है, बल्कि यह एक संपूर्ण डिजिटल व्यवस्था है जो मत्स्य पालन से जुड़े किसानों और संगठनों को प्रशिक्षण, वित्तीय योजना निर्माण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराता है। इसके जरिए किसानों को मत्स्य पालन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी मिलती है, साथ ही वे सरकारी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सरल बना सकते हैं।

प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह योजना के विभिन्न लाभों का लाभ पाने के लिए एनएफडीपी पर पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। अब तक बिहार में 1.23 लाख से अधिक मत्स्य किसानों ने इस पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, जो इस बात का प्रमाण है कि राज्य के किसान तेजी से डिजिटल व्यवस्था को अपना रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि राज्य के सभी मत्स्य किसान और संगठनों को इस पोर्टल से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। मछली पालन को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से बिहार सरकार निरंतर योजनाएं चला रही है। एनएफडीपी प्लेटफॉर्म इन प्रयासों का एक डिजिटल स्वरूप है, जो भविष्य में मत्स्य पालन को और अधिक समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। किसान इस प्लेटफॉर्म पर https://nfdp.dof.gov.in के माध्यम से लॉग इन कर न केवल खुद को रजिस्टर कर सकते हैं, बल्कि नजदीकी जिला मत्स्य कार्यालय से भी योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Exit mobile version