पटना: बिहार में किसानों को खेती के लिए बैंक से कर्ज लेने में होने वाली परेशानियां कम करने के लिए राज्य सरकार नई पहल करने जा रही है। इसके तहत 1 दिसंबर 2026 से केंद्र सरकार के जनसमर्थ पोर्टल और बिहार सरकार के सहयोग कार्यक्रम को मिलाकर लागू किया जाएगा। शुरुआत प्रायोगिक तौर पर खगड़िया और भोजपुर जिलों से होगी। इसका उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, कृषि ऋण आवेदन और बैंकिंग सहायता एक ही जगह उपलब्ध कराना है। विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस व्यवस्था को लागू करने का निर्णय लिया गया। शुरुआती चरण में दोनों जिलों में सहयोग कार्यक्रम के शिविरों के साथ विशेष कृषि ऋण शिविर भी लगाए जाएंगे। सरकार ने लक्ष्य रखा है कि प्रायोगिक चरण में भाग लेने वाली प्रत्येक बैंक शाखा कम से कम एक किसान क्रेडिट कार्ड ऋण स्वीकृत करे।
एक ही आवेदन से मिलेगी कृषि ऋण की सुविधा
नई व्यवस्था के तहत जनसमर्थ पोर्टल और सहयोग कार्यक्रम के बीच तालमेल बनाकर साझा आवेदन पत्र की सुविधा दी जाएगी। इससे किसानों को अलग-अलग योजनाओं के लिए बार-बार आवेदन करने और दस्तावेज जमा करने की परेशानी कम होगी। जनसमर्थ एक डिजिटल मंच है, जिसके माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न ऋण योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
एग्रीस्टैक से होगा किसानों का सत्यापन
इस व्यवस्था में एग्रीस्टैक के डिजिटल रिकॉर्ड का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसके तहत किसान रजिस्ट्री, भूमि रिकॉर्ड और फसल बुवाई से जुड़ी जानकारी के आधार पर आवेदक की पहचान, जमीन के विवरण और कृषि गतिविधियों का सत्यापन किया जा सकेगा। इससे बैंकों को ऋण आवेदन की जांच करने में आसानी होगी और पात्र किसानों तक संस्थागत कर्ज पहुंचाने में मदद मिलेगी।
54.71 लाख किसानों का पंजीकरण
बिहार की किसान रजिस्ट्री में अब तक 54.71 लाख किसानों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें लगभग 35 लाख किसान ऐसे हैं, जिनके नाम पर एकल भूमि स्वामित्व दर्ज है। जनसमर्थ पोर्टल की मौजूदा पात्रता व्यवस्था के अनुसार करीब 16 लाख किसानों को शुरुआती तौर पर ऋण के लिए पात्र माना गया है। फिलहाल पोर्टल पर एकल भूमि धारक किसानों के लिए आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। सरकार का विशेष जोर किसान क्रेडिट कार्ड के तहत पात्र किसानों को दो लाख रुपये तक का बिना जमानत ऋण उपलब्ध कराने पर है। इस व्यवस्था से छोटे किसानों को खेती की जरूरतों के लिए बैंक से कर्ज लेने में राहत मिल सकती है।
किसान क्रेडिट कार्ड के लिए 12 बैंक जुड़े
जनसमर्थ पोर्टल के किसान क्रेडिट कार्ड खंड से देश के 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक जुड़े हुए हैं। इनमें भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शामिल हैं। बिहार में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं की सक्रिय भागीदारी इस योजना को जमीन पर उतारने में अहम होगी। यदि खगड़िया और भोजपुर में इसका प्रयोग सफल रहता है, तो आगे दूसरे जिलों में भी इस व्यवस्था का विस्तार किया जा सकता है। इससे किसानों को साहूकारों या गैर-संस्थागत स्रोतों पर निर्भरता कम करने और बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें: बिहार: कृषि विभाग में 147 पदों पर भर्ती, 15 दिसंबर से आवेदन

