Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

यूपी में ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025’ का शुभारंभ आज, सीएम योगी करेंगे उद्घाटन, 12 हजार वैज्ञानिक जाएंगे किसानों के खेत तक

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में खरीफ सीजन 2025 को सफल बनाने और किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की जा रही है। केंद्र सरकार की महत्त्वाकांक्षी योजना ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025’ का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लोकभवन सभागार में सुबह 11:30 बजे किया जाएगा। यह 15 दिवसीय अभियान 29 मई से 12 जून तक राज्य के सभी 75 जिलों में संचालित होगा। इस दौरान वैज्ञानिकों की टीमें किसानों के खेतों तक पहुंचेंगी और उन्हें फसल उत्पादन, जल संरक्षण, प्राकृतिक खेती व अन्य कृषि नवाचारों की जानकारी देंगी।

12 हजार वैज्ञानिक, 225 टीमें, 675 स्थानों पर संवाद

उत्तर प्रदेश कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि इस अभियान के तहत राज्य में 12,000 वैज्ञानिकों की मदद से 225 टीमें बनाई गई हैं, जो 675 स्थानों पर तीन सत्रों में किसानों से संवाद करेंगी। ये टीमें 15 दिनों में 10,125 स्थलों तक पहुंचेंगी और वैज्ञानिक सलाह व प्रशिक्षण देंगे। प्रत्येक स्थान पर लगभग तीन घंटे का कार्यक्रम होगा, जिसमें कृषि, बागवानी, पशुपालन, सहकारिता, मधुमक्खी पालन, सिंचाई और अन्य विभागों के अधिकारी व वैज्ञानिक भाग लेंगे।

किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम

कृषि मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और कृषि को लाभकारी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धान, गेहूं के अलावा अब चना, मसूर, सरसों, मूंगफली, ज्वार, बाजरा और मक्के जैसी फसलों की भी MSP पर खरीद सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि यह अभियान खेती को वैज्ञानिक आधार देने और किसानों की आय को दोगुना करने की दिशा में एक ठोस पहल है।

शिवराज सिंह चौहान रहेंगे मेरठ और झांसी में

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान स्वयं इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं और दो दिन उत्तर प्रदेश के मेरठ और झांसी में रहकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे। कृषि मंत्री शाही ने बताया कि सभी 8135 न्याय पंचायतों में इस अभियान को सफल बनाने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य स्तर पर एडिशनल डायरेक्टर (एक्सटेंशन) और जनपद स्तर पर उपनिदेशक (कृषि) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी स्तरों पर कंट्रोल रूम भी बनाए गए हैं ताकि अभियान की निरंतर निगरानी की जा सके।

आत्मनिर्भर कृषि और विषमुक्त खेती का लक्ष्य

‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य भारत को कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना, उत्पादन और उत्पादकता को बढ़ाकर वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा बनाना, गुणवत्तापूर्ण अन्न उत्पादन के माध्यम से कुपोषण को खत्म करना और रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा देना है। यह अभियान न केवल किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में एक निर्णायक पहल है, बल्कि ‘विकसित भारत 2047’ की नींव को भी मजबूत करेगा।

केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से चलाया जा रहा यह ‘विकसित कृषि संकल्प अभियान’ उत्तर प्रदेश को कृषि क्षेत्र में एक नया मुकाम दिला सकता है। वैज्ञानिकों की सीधी भागीदारी और गांव-गांव संवाद से यह उम्मीद की जा रही है कि यूपी के किसान खरीफ सीजन 2025 में अधिक उत्पादक और लाभकारी खेती कर सकेंगे।

Exit mobile version