Site icon Agriculture| Kheti| Krishi| Farm| Farmer| Agriculture| News

पीएम किसान की 20वीं किस्त को लेकर अलर्ट, ये किसान रह सकते हैं लाभ से वंचित

नई दिल्ली: अगर आप प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के लाभार्थी हैं और 20वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार जल्द ही योजना की अगली किश्त जारी कर सकती है, लेकिन कुछ किसान ऐसे हैं जिन्हें इस बार 2,000 रुपये की किस्त नहीं मिल पाएगी। दरअसल, सरकार ने यह साफ कर दिया है कि केवल योग्य और पात्र किसानों को ही इस योजना का लाभ मिलेगा। ऐसे में कुछ जरूरी शर्तों और प्रक्रियाओं को पूरा करना अनिवार्य हो गया है। गौरतलब है कि पीएम किसान योजना के तहत केंद्र सरकार हर वर्ष किसानों को 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन किस्तों में देती है। फरवरी 2025 में किसानों को 19वीं किस्त मिल चुकी है, और अब 20वीं किस्त का इंतजार है। लेकिन, सरकार की नई सख्ती के तहत कुछ ऐसे किसान हैं, जिन्हें तय शर्तों के अधूरे रहने पर इस बार की किश्त से वंचित रहना पड़ सकता है।

सरकार की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त केवल उन्हीं किसानों को मिलेगी जिन्होंने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसमें ई-केवाईसी, भूमि सत्यापन, फार्मर आईडी अपडेट जैसे बिंदु शामिल हैं। यदि ये प्रक्रिया अधूरी रह गई, तो खाते में पैसा नहीं आएगा, चाहे आप पहले की किश्तें ले चुके हों। सबसे पहले बात करें फार्मर आईडी की, तो यह योजना के लिए अब अनिवार्य कर दी गई है। प्रत्येक किसान को एक विशेष पहचान संख्या दी जाती है, और इसके बिना लाभ नहीं मिलेगा। इसके साथ ही ई-केवाईसी और भूमि सत्यापन दो ऐसे जरूरी कदम हैं, जिनके बिना योजना के तहत अगली किश्त रोकी जा सकती है। सरकार ने साफ कर दिया है कि जिन किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है या जिनकी जमीन का सत्यापन नहीं हुआ है, उनके खाते में 20वीं किश्त नहीं आएगी। इसके अलावा सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि योजना का लाभ प्रति परिवार केवल एक सदस्य को मिलेगा। यानी यदि परिवार में पिता और पुत्र दोनों इस योजना का लाभ ले रहे हैं, तो नियम के अनुसार केवल एक को ही पात्र माना जाएगा।

सरकारी कर्मचारी और पेशेवरों को भी योजना के दायरे से बाहर कर दिया गया है। अगर किसी किसान परिवार में कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है, या फिर डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, शिक्षक, सीए जैसे पेशेवर हैं, तो ऐसे परिवारों को योजना का लाभ नहीं मिलेगा। यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि केवल उन किसानों को सहायता मिल सके, जो वास्तव में इसकी जरूरत रखते हैं। किराये पर खेती करने वाले किसानों को भी इस बार योजना से बाहर रखा गया है। केवल वही किसान, जिनके नाम पर जमीन का दस्तावेज मौजूद है, इस योजना के पात्र होंगे। जिन किसानों के पास अपनी खुद की जमीन नहीं है और वे दूसरों की जमीन पर खेती करते हैं, उन्हें भी अगली किस्त से वंचित रहना पड़ सकता है।

जहां तक 20वीं किस्त की तारीख की बात है, तो फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। लेकिन सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 जुलाई को बिहार दौरे के दौरान इस किस्त को जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। बिहार में चुनावी माहौल को देखते हुए यह तारीख अहम मानी जा रही है। ऐसे में अगर आप पीएम किसान योजना के लाभार्थी हैं और अगली किश्त पाना चाहते हैं, तो यह सुनिश्चित कर लें कि सभी ज़रूरी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। वरना सरकार की नई सख्ती के चलते आपके खाते में इस बार 2,000 रुपये की राहत राशि नहीं आएगी। योजना से जुड़ी जानकारी या प्रक्रिया की स्थिति जानने के लिए आप PM-Kisan पोर्टल (pmkisan.gov.in) पर जाकर अपना स्टेटस चेक कर सकते हैं।

Exit mobile version