कृषि पिटारा

महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगी नई उड़ान, ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना के तहत मिलेगी ड्रोन सुविधा

नई दिल्ली: भारत सरकार ने दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) के लिए एक नई पहल ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना को मंजूरी दी है। इस योजना पर 1261 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिसके माध्यम से वर्ष 2024-25 से 2025-26 के बीच 14,500 चयनित महिला स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन प्रदान किए जाएंगे। इन ड्रोन का उपयोग किसानों को किराये पर सेवाएं देने के लिए किया जाएगा। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने इस योजना को संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए हैं।

महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगी 80% सब्सिडी
‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना केंद्रीय स्तर पर विभिन्न मंत्रालयों जैसे कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास, उर्वरक, नागरिक उड्डयन और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार संचालित की जाएगी। दिशानिर्देशों के अनुसार, महिला स्वयं सहायता समूहों को ड्रोन खरीदने के लिए कुल लागत का 80% (अधिकतम 8 लाख रुपये) तक सब्सिडी दी जाएगी। सब्सिडी प्राप्त करने के बाद शेष राशि पर स्वयं सहायता समूहों को कम ब्याज दर पर लोन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

ड्रोन सेट के साथ मिलेगी सर्विस का पैकेज
इस योजना के तहत सिर्फ ड्रोन ही नहीं, बल्कि संपूर्ण सर्विस पैकेज दिया जाएगा। इसमें लिक्विड खाद और कीटनाशकों के छिड़काव के लिए स्प्रे सिस्टम, ड्रोन स्टोरेज बॉक्स, बैटरी सेट, कैमरा, चार्जर, एनीमोमीटर, पीएच मीटर जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। साथ ही, एक साल की ऑनसाइट वारंटी भी दी जाएगी।

15 दिन की ट्रेनिंग से ड्रोन पायलट बनेंगी महिलाएं
महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों में से एक महिला को ड्रोन पायलट के रूप में 15 दिनों की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इस ट्रेनिंग में पोषक तत्वों और कीटनाशकों का प्रभावी उपयोग सिखाया जाएगा। इसके अलावा, अन्य समूह के सदस्यों को ड्रोन सहायक के रूप में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ड्रोन के संचालन की होगी लाइव ट्रैकिंग
योजना की सभी जानकारियाँ जैसे ड्रोन वितरण, निगरानी और फंडिंग, विशेष ड्रोन पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएंगी। यह पोर्टल हर ड्रोन के ऑपरेशन को ट्रैक करेगा और ड्रोन के उपयोग पर लाइव अपडेट भी देगा, जिससे योजना को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।

Related posts

Leave a Comment