Site icon Krishi Pitaara

बिहार में आम और लीची के पुराने बागों पर मिलेगी 20 हजार रुपये सब्सिडी

20,000 rupees subsidy will be given on old mango and litchi orchards in Bihar

पटना: बिहार सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और पुराने फलदार बागों की उत्पादकता सुधारने के लिए विशेष योजना चला रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत आम और लीची के पुराने बागों के जीर्णोद्धार के लिए किसानों को 40 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य पुराने पेड़ों की देखभाल, उत्पादन क्षमता में सुधार और किसानों को बेहतर कमाई का अवसर देना है।

दो कार्यों के लिए मिलेगा अनुदान

बिहार कृषि विभाग के अनुसार, योजना के तहत किसानों को दो कार्यों के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। पहला, पेड़ों की शाखाओं की कटाई-छंटाई के लिए प्रति इकाई 10 हजार रुपये की निर्धारित लागत पर 40 प्रतिशत यानी अधिकतम 4 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। दूसरा, पौधों में पोषक तत्वों के प्रबंधन के लिए 40 हजार रुपये की निर्धारित लागत पर अधिकतम 16 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। इस तरह दोनों कार्यों को मिलाकर किसानों को एक इकाई पर अधिकतम 20 हजार रुपये मिल सकते हैं।

इन 19 जिलों के किसान उठा सकेंगे लाभ

यह योजना बिहार के 19 जिलों में लागू की गई है। इनमें बांका, भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, कटिहार, खगड़िया, मधुबनी, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, पटना, पूर्वी चंपारण, पूर्णिया, सहरसा, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, सुपौल और वैशाली शामिल हैं।

पुराने बागों की पैदावार बढ़ाने में मिलेगी मदद

पुराने आम और लीची के पेड़ों में सूखी शाखाओं की अधिकता और पोषक तत्वों की कमी के कारण उत्पादन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में समय पर कटाई-छंटाई और उचित पोषण प्रबंधन से पेड़ों की सेहत और फल उत्पादन में सुधार किया जा सकता है। सरकार की इस सहायता से किसानों को बागों की देखभाल पर होने वाले खर्च में राहत मिलेगी।

कैसे करें आवेदन?

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को बिहार सरकार के बागवानी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://horticulture.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वहां पुराने आम और लीची के फलदार बागों के पुनरुद्धार से संबंधित विकल्प चुनकर जरूरी जानकारी और दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन की जिला स्तर पर जांच के बाद पात्र किसानों को अनुदान दिया जाएगा। किसान अधिक जानकारी के लिए अपने जिले के उद्यान विभाग के कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें: राजस्थान में सरसों की फसल पर पेंटेड बग और आरा मक्खी का खतरा

Exit mobile version